निर्माणाधीन भवन में युवक का शव मिलने से सनसनी चेहरे और सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, शिनाख्त में जुटी पुलिस

Share the news

रुद्रपुर (संवाददाता)। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक निर्माणाधीन भवन में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक के चेहरे और सिर पर चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल शव की शिनाख्त कराने और घटना की हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, चामुंडा मंदिर के पास स्थित एक निर्माणाधीन भवन में स्थानीय लोगों ने एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी और एसएसआई महेश कांडपाल ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी।
प्राथमिक जांच में युवक के चेहरे और सिर पर चोट के निशान मिले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी हत्या कर शव को निर्माणाधीन भवन में फेंका गया हो। वहीं पुलिस का एक पक्ष यह भी मान रहा है कि यदि युवक भवन की ऊंचाई से गिरा हो तो चोटें उसी कारण भी हो सकती हैं। ऐसे में पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज या मोबाइल फोन बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है। साथ ही मृतक का फोटो सोशल मीडिया और अन्य इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर प्रसारित कर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही घटना की परिस्थितियां और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *