बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी पर सख्त हुए सीएम धामी।।।।
हरिद्वार। बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी के मामले पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। हरिद्वार में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी केवल अपराध नहीं, बल्कि गौ हत्या और मां-बाप की हत्या जैसे महापाप के समान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। पुलिस ने भी एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस चोरी में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। जांच समिति अपना काम शुरू कर चुकी है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद सरकार ने तत्काल संज्ञान लिया। मंदिर प्रबंधन द्वारा पहले जांच समिति का गठन किया गया और बाद में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई। इससे साफ संकेत मिले हैं कि सरकार मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराएगी।
मुख्यमंत्री बुधवार को हरिद्वार स्थित प्रेमनगर आश्रम में आयोजित मोरारी बापू की रामकथा में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि धर्मनगरी हरिद्वार में श्रीराम कथा का आयोजन सौभाग्य की बात है और ऐसी आध्यात्मिक कथाएं समाज को सकारात्मक दिशा देती हैं। उन्होंने आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी भरोसा दिलाया कि सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी।
मानसून को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील जिलों में विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी आपदा से निपटने के लिए प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।




