मार्कशीट की तस्दीक करने पहुंचे पुलिसकर्मियों पर महिलाओं का हमला, सिपाही की वर्दी फाड़ी, मोबाइल तोड़ा; रम्पुरा बस्ती में मचा हड़कंप, पुलिस ने दो महिलाओं समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया।

Share the news

तस्दीक के दौरान बवाल: पुलिसकर्मियों से हाथापाई, दो महिलाएं और एक व्यक्ति हिरासत में

रुद्रपुर। रम्पुरा क्षेत्र में मार्कशीट सत्यापन के लिए गई पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर हाथापाई और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना में एक सिपाही की वर्दी फट गई, जबकि दूसरे पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और पूछताछ के लिए दो महिलाओं समेत एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।

जानकारी के अनुसार रम्पुरा चौकी में तैनात दो पुलिसकर्मी एक छात्रा की मार्कशीट और संबंधित अभिलेखों की तस्दीक के लिए वार्ड-24 स्थित जीएस पब्लिक स्कूल पहुंचे थे। वहां प्रधानाचार्य के मौजूद न होने की जानकारी मिलने पर पुलिसकर्मी उनके आवास पर पहुंच गए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक दस्तावेजों में जिस मकान को किराए का दर्शाया गया था, उसकी वास्तविक स्थिति को लेकर पूछताछ की जा रही थी।

इसी दौरान कुछ महिलाओं और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि महिलाओं ने एक सिपाही के साथ हाथापाई कर उसकी वर्दी फाड़ दी। वहीं दूसरे सिपाही द्वारा मोबाइल फोन से वीडियो रिकॉर्डिंग किए जाने पर उसका मोबाइल भी तोड़ दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल प्रकाश सिंह दानू और रम्पुरा चौकी प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को हटाकर स्थिति को सामान्य किया। इसके बाद दो महिलाओं और एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए कोतवाली लाया गया। घायल सिपाही का जिला अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया।

क्षेत्राधिकारी (सीओ) विभव सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया पुलिसकर्मी अपने नियमित सरकारी कार्य और सत्यापन प्रक्रिया के तहत मौके पर गए थे। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *