लेह से छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के जवान की अचानक मौत, देर रात बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में तोड़ा दम, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, परिवार में मचा कोहराम

Share the news

रुद्रपुर। शहर के किरतपुर स्थित एकता विहार कॉलोनी में भारतीय सेना के जवान की अचानक मौत से शोक की लहर दौड़ गई। देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

मृतक की पहचान भवान सिंह भंडारी (43) पुत्र शिव सिंह भंडारी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग के निवासी थे और वर्तमान में रुद्रपुर के एकता विहार कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। भवान सिंह भारतीय सेना की 274 फील्ड रेजीमेंट में तैनात थे। हाल ही में वह लेह-लद्दाख से एक माह की छुट्टी पर घर आए थे। अवकाश समाप्त होने के बाद उनकी अगली तैनाती राजस्थान में होनी थी।

परिजनों के अनुसार, शनिवार देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके परिवार में पत्नी हेमा देवी, 17 वर्षीय पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्र इंटरमीडिएट तथा पुत्री हाईस्कूल में अध्ययनरत है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य के निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ विभव सैनी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है तो उसके अनुसार आगे की जांच की जाएगी। जवान के निधन की सूचना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *