लूट के बाद हैवानियत की सारी हदें पार: मारपीट कर युवक का मोबाइल-नकदी छीनी, कपड़े उतरवाकर गांधी पार्क में अर्द्धनग्न छोड़ भागे बदमाश, पूरी रात तड़पता रहा पीड़ित।

Share the news

गांधी पार्क में युवक से लूट, मारपीट के बाद कपड़े उतरवाकर छोड़ गए बदमाश
रुद्रपुर।
शहर के गांधी पार्क में देर रात एक युवक के साथ हुई लूट और अमानवीय व्यवहार की घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने युवक से मारपीट कर उसकी नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया। इतना ही नहीं, उसके कपड़े उतरवाकर उसे अर्द्धनग्न हालत में पार्क में छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित पूरी रात उसी स्थिति में पार्क में पड़ा रहा।
जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ निवासी सुरेंद्र सिंह किसी निजी कार्य से रुद्रपुर आया था। देर रात उसे रोडवेज स्टेशन से पिथौरागढ़ के लिए बस पकड़नी थी। बस आने में समय होने और गर्मी से राहत पाने के लिए वह कुछ देर गांधी पार्क में बैठ गया। इसी दौरान वहां पहुंचे दो-तीन युवकों ने उसे घेर लिया। आरोप है कि बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की और जेब में रखी नकदी तथा मोबाइल फोन लूट लिया। वारदात के बाद आरोपितों ने उसके कपड़े भी उतरवा दिए और उसे अर्द्धनग्न अवस्था में वहीं छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद वह सदमे और भय के कारण पूरी रात पार्क में ही पड़ा रहा। सुबह लोगों की नजर उस पर पड़ी तो मामले की जानकारी सामने आई। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गांधी पार्क और आसपास के क्षेत्रों में रात के समय असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ गई है। ऐसे में पुलिस गश्त बढ़ाने, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी मजबूत करने तथा आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता है।
सीओ सिटी विभव सैनी ने बताया कि इस मामले में अभी तक पीड़ित की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि पुलिस को घटना की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *