रुद्रपुर/किच्छा। किच्छा के महराया लालपुर रोड पर युवक विक्रांत की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद नेपाल भागने की फिराक में थे, लेकिन धाधा फार्म क्षेत्र से उन्हें दबोच लिया गया। पुलिस का कहना है कि वारदात की वजह सोशल मीडिया पर चल रहा विवाद और आपसी रंजिश थी।
घटना 25 जून को हुई थी, जब 6-7 लोगों ने विक्रांत पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की मां कंचन की तहरीर पर थाना किच्छा में बंटी ठाकुर समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। विक्रांत की मौत के बाद मुकदमे में हत्या की धारा 103 बीएनएस भी जोड़ दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वरुण कुमार निवासी रामेश्वरपुर और सुशील निवासी शिमला पिस्तौर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर चल रही बयानबाजी के कारण दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ गई थी, जिसके चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर फिलहाल घायल अवस्था में उपचाराधीन है और उसकी चोटों की भी जांच की जा रही है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है तथा उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




