रुद्रपुर के लालपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई फायरिंग में गंभीर रूप से घायल विक्रांत की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर फैलते ही अस्पताल और शहर में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों और समर्थकों ने जमकर हंगामा किया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मेन बाजार रोडवेज निवासी विक्रांत अपने दोस्तों के साथ लालपुर में एक परिचित के घर दावत में गया था। लौटते समय पहले से घात लगाए हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में विक्रांत गंभीर रूप से घायल हो गया। पहले उसे रुद्रपुर के निजी अस्पताल और फिर हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के साथ मौजूद युवकों ने गट्टी, सिप्पी, विपिन और बंटी ठाकुर सहित कई लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बंटी ठाकुर ने विक्रांत पर गोली चलाई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई होगी।
विक्रांत की मौत के बाद बड़ी संख्या में समर्थक एकत्र हो गए। पुलिस ने सुरक्षा और वीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर भीड़ को रोका, जिस पर कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी। क्षेत्राधिकारी विभव सैनी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। वहीं परिजनों ने सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने की चेतावनी दी है।




