श्मशान घाट में जयमाला से मचा बवाल, मर्चूला विवाह समारोह पर भड़के लोग; वायरल वीडियो के बाद प्रशासन सख्त, परंपराओं से खिलवाड़ पर उठे सवाल

श्मशान घाट में जयमाला! मर्चूला का विवाह समारोह बना विवाद, प्रशासन सख्त

अल्मोड़ा। संवाददाता

उत्तराखंड को वेडिंग डेस्टिनेशन हब बनाने की दिशा में जहां सरकार प्रयासरत है, वहीं सल्ट के मर्चूला क्षेत्र में आयोजित एक विवाह समारोह ने गंभीर विवाद खड़ा कर दिया है। रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम के पास स्थित एक पुराने अंत्येष्टि स्थल पर जयमाला की रस्म निभाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में भारी नाराजगी है।

जानकारी के अनुसार, एक निजी रिसॉर्ट संचालक द्वारा विवाह समारोह के लिए कथित तौर पर श्मशान घाट जैसे संवेदनशील सार्वजनिक स्थल का उपयोग किया गया। वायरल वीडियो में नवविवाहित जोड़ा उसी स्थान पर जयमाला की रस्म निभाता दिखाई दे रहा है, जहां अंतिम संस्कार किए जाते हैं। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है और इसे परंपराओं व धार्मिक भावनाओं के प्रति असंवेदनशीलता बताया जा रहा है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जहां अंतिम यात्रा के बाद अंत्येष्टि की जाती है, वहां इस प्रकार का आयोजन पूरी तरह अनुचित है। लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ रिसॉर्ट संचालक व्यावसायिक लाभ के लिए बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी सार्वजनिक स्थल को वेडिंग डेस्टिनेशन बना रहे हैं, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं का उल्लंघन हो रहा है।

मामले पर संज्ञान लेते हुए तहसीलदार आबिद अली ने कहा कि इस तरह की गतिविधि गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि रिसॉर्ट परिसर से बाहर, विशेषकर श्मशान घाट जैसे स्थल पर विवाह समारोह आयोजित किया गया है, तो संबंधित संचालक से पूछताछ कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि राज्य सरकार उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय स्तर का वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में कार्य कर रही है, लेकिन इस प्रकार की घटनाएं न केवल छवि को नुकसान पहुंचाती हैं, बल्कि स्थानीय परंपराओं और आस्थाओं को भी ठेस पहुंचाती हैं।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और लोगों ने भी इस तरह की गतिविधियों पर सख्त रोक लगाने की मांग उठाई है।

Advertisement