मंदिर जा रहे मासूम रुद्रा को रफ्तार ने छीना, मौत पर उबला गुस्सा; शव रखकर घंटों जाम, दादा की चीखों से दहला हाईवे

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ वर्षीय बालक रुद्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शव को हाईवे पर रखकर घंटों जाम लगाते हुए आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार डिब्डिबा निवासी रुद्रा (8) पुत्र ओकील शनिवार शाम करीब पांच बजे सड़क पार कर अपने दादा-दादी के पास मंदिर जाने के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि जैसे ही वह सड़क के बीच में पहुंचा, तभी काशीपुर रोड की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर एकत्र हो गए। लोगों का आरोप था कि तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश नहीं लगने के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं। गुस्साए लोगों ने शव को हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपी चालक की गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग की।

जाम के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। बाद में पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना की सूचना मिलने पर बिलासपुर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आवश्यक कार्रवाई करने के बजाय उन्हें चौकी आने की बात कहकर वापस लौट गई। इसके बाद जब लोगों का आक्रोश बढ़ा और हंगामा तेज हो गया तो क्षेत्राधिकारी बिलासपुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला।

उधर, मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार रुद्रा पिछले कुछ महीनों से अपने दादा-दादी के साथ रह रहा था, जबकि उसके माता-पिता किसी कार्य से गांव गए हुए थे। मंदिर जाने के लिए निकले बालक की अचानक मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं पोते की मौत से व्यथित दादा देर रात तक सड़क पर डटे रहे और कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से भी उलझ पड़े। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश दोनों का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *