पाकिस्तान कनेक्शन वाला वांछित अपराधी बाजपुर से दबोचा गया, ड्रोन से मंगवाता था हथियार और हेरोइन
रुद्रपुर। उत्तराखंड एसटीएफ और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए अवैध हथियार और हेरोइन मंगाने के आरोप में वांछित चल रहे अपराधी को ऊधमसिंहनगर के बाजपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पंजाब पुलिस को लंबे समय से चकमा देकर फरार चल रहा था।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर के थाना छेहर्टा क्षेत्र स्थित सुरता सिंह कॉलोनी निवासी ईशानप्रीत सिंह के रूप में हुई है। वह पंजाब में दर्ज गंभीर मामलों में वांछित था और 23 मई को अमृतसर स्थित उसके घर पर पुलिस की छापेमारी के दौरान फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान उसके घर से 12 अवैध पिस्तौल, 20 मैगजीन और करीब 900 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। जांच में सामने आया कि हथियारों और नशीले पदार्थों की खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में भेजी गई थी। इसके बाद से पंजाब पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
रविवार देर रात पंजाब पुलिस से मिली सटीक सूचना के आधार पर उत्तराखंड एसटीएफ और पंजाब पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन चलाया। खुफिया इनपुट के आधार पर बाजपुर के केशवनगर क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में अंतरराज्यीय और सीमा पार संचालित तस्करी नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। माना जा रहा है कि वह हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े बड़े गिरोह का सक्रिय सदस्य है।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पंजाब पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई। अब उससे पूछताछ कर पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क, ड्रोन सप्लाई चेन और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
इस कार्रवाई को सीमा पार से संचालित अवैध हथियार और नशा तस्करी के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।




