देहरादून में एडवोकेट की गोली मारकर हत्या, आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सड़क पर उतरे लोग
देहरादून। राजधानी देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में देर रात एक एडवोकेट की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। शिमला रोड स्थित बुड्ढी गांव में हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, एडवोकेट सोहेल देर रात अपने घर पर मौजूद थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने उन्हें गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर दूसरे कमरे में खाना खा रहे उनके भाई बाहर पहुंचे तो सोहेल खून से लथपथ फर्श पर पड़े मिले। परिजन और आसपास के लोग उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन शिमला बाईपास रोड पर पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त किया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र डोभाल भी मौके पर पहुंचे और जांच की प्रगति की जानकारी ली।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है और हर पहलू से जांच की जा रही है। साथ ही सड़क जाम करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी नामजद मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस जल्द घटना के खुलासे का दावा कर रही है।



