कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जेल
देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल किए गए कथित ऑडियो-वीडियो और भाजपा नेताओं पर लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर को देहरादून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस के अनुसार सुरेश राठौर के खिलाफ हरिद्वार के झबरेड़ा, बहादराबाद तथा देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला थानों में मुकदमे दर्ज किए गए थे। इनमें आरोप है कि राठौर और उनकी कथित पत्नी एवं अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ऐसे ऑडियो-वीडियो प्रसारित किए, जिनमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ आपत्तिजनक और छवि धूमिल करने वाले आरोप लगाए गए थे। इन वीडियो के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में काफी हलचल मच गई थी।
मामला उत्तराखंड हाईकोर्ट तक भी पहुंचा था। हाल ही में हाईकोर्ट ने राठौर के खिलाफ दर्ज चार एफआईआर में से दो को निरस्त कर दिया था, जबकि शेष दो मामलों में जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। पुलिस ने इन्हीं मामलों में आगे की कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की है।
बताया गया कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने पांच जनवरी को डालनवाला कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर प्रसारित ऑडियो-वीडियो के माध्यम से उन्हें और भाजपा के अन्य नेताओं को बदनाम करने तथा झूठे मामलों में फंसाने की साजिश रची जा रही है।
पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार शाम हरिद्वार जिले के बुग्गावाला क्षेत्र में कार्रवाई कर सुरेश राठौर को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
गौरतलब है कि सुरेश राठौर वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से विधायक चुने गए थे। अभिनेत्री उर्मिला सनावर के साथ उनके संबंधों और वायरल वीडियो को लेकर वह लंबे समय से विवादों में रहे हैं। इसी विवाद के चलते भाजपा उन्हें पहले ही पार्टी से निष्कासित कर चुकी है। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भाजपा के शीर्ष नेताओं पर लगाए गए आरोपों के बाद यह मामला राज्यभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।


