संवाददाता, रुद्रपुर।
जनपद के ग्राम जयपुर नंबर-5 में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की जान चली गई। सड़क किनारे बैठकर कुछ देर आराम कर रहे युवक को एक अज्ञात वाहन चालक ने वाहन पीछे करते समय कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम जयपुर नंबर-5 निवासी रवि सिंह (24) निजी वाहनों में चालक का कार्य करता था। सोमवार देर शाम वह घरेलू सामान खरीदने के लिए समीपवर्ती बाजार गया था। सामान लेकर लौटते समय वह रास्ते में स्थित एक मंदिर के निकट सड़क किनारे बैठ गया। इसी दौरान वहां खड़े एक वाहन को चालक ने पीछे किया, जिसकी चपेट में आकर रवि गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
रवि की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। वह तीन भाइयों में मझला था और परिवार के भरण-पोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



