घर के आगे स्कॉर्पियो खड़ी करने को लेकर खूनी संघर्ष, घायल युवक की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस

Share the news

काशीपुर। महुआखेड़ागंज क्षेत्र में घर के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

 

पुलिस के अनुसार महुआखेड़ागंज निवासी अनीश पुत्र कासम अली ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया कि 30 मई की रात करीब 11 बजे वह अपनी पोती की शादी की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान अली अकबर और अहमद रजा अपने वाहन को उनके घर के मुख्य द्वार के सामने खड़ा कर गए। अनीश ने शादी का सामान रखने की आवश्यकता बताते हुए वाहन अन्यत्र खड़ा करने का अनुरोध किया।

 

आरोप है कि इस बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। शिकायतकर्ता के अनुसार विपक्षी पक्ष के लोग लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और हमला कर दिया। इस दौरान अफजल पुत्र महबूब अली के सिर पर लोहे की रॉड से गंभीर वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 31 मई को उनकी मौत हो गई।

 

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली आईटीआई में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर ने अपने हाथ में लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।

 

पुलिस ने मंगलवार को नामजद आरोपी अली अकबर और नाजिम को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *