दिनदहाड़े दुकान में घुसकर हमला, महिला व्यापारी से लूट और जान से मारने की धमकी

Share the news

शहर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक महिला व्यापारी के साथ छेड़छाड़, मारपीट और लूट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, लोहिया नगर स्थित जेपीएस स्कूल के पास “कोरंगा ट्रेडर्स” नाम से दुकान संचालित करने वाली कविता ने आरोप लगाया कि सुमित गुप्ता नामक युवक पिछले कई दिनों से उनका पीछा कर रहा था और बार-बार मोबाइल नंबर मांगकर परेशान कर रहा था। मना करने के बावजूद वह लगातार दबाव बना रहा था।

घटना 24 अप्रैल की शाम करीब 5:10 बजे की है, जब कविता अपनी दुकान पर मौजूद थीं। उसी दौरान सुमित गुप्ता, योगेश कुमार और उनके चार अन्य साथी दुकान में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर पीड़िता के सहयोगी अरुण चौहान के साथ मारपीट की गई। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब एक आरोपी ने तमंचा निकालकर दोनों को जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने दुकान के गल्ले से करीब 8 हजार रुपये भी निकाल लिए और दोबारा आने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई।

महिला का कहना है कि आरोपी खुद को एक संगठन से जुड़ा बताते हुए खुलेआम धमकी दे रहे थे और किसी कार्रवाई से नहीं डरने की बात कह रहे थे। घटना के बाद से पीड़िता दहशत में है और उसने अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।

ब्यूरो रिपोर्ट, रुद्रपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *