शादी के जश्न में खून: जिले में पति ने कुल्हाड़ी से पत्नी को उतारा मौत के घाट, मामूली विवाद बना कत्ल की वजह, गांव में दहशत का माहौल

Share the news

सनसनी:::

पिथौरागढ़ (संवाददाता):

जनपद के अस्कोट थाना क्षेत्र के घिंघरानी गांव में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं गांव में चल रहा शादी समारोह भी मातम में बदल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल सीमा से सटे द्वालीसेरा क्षेत्र के इस गांव में बुधवार रात एक शादी समारोह आयोजित था। गांव के ही भुवन प्रसाद (50) अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया।

बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर भुवन प्रसाद ने कुल्हाड़ी से गीता देवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के चलते गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी तब हुई जब आरोपी के परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां गीता देवी का शव खून से लथपथ पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है। हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

मृतका अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गई है, जिनमें से एक बेटा और एक बेटी विवाहित हैं। इस घटना के बाद गांव में शोक और भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *