बेटी की सगाई की दावत के लिए गोकशी! सैंजना में गोवंश स्क्वाड की ताबड़तोड़ छापेमारी, 20 किलो मांस बरामद, दो कथित गो तस्कर गिरफ्तार

किच्छा। बेटी की सगाई की दावत के लिए कथित तौर पर गोकशी किए जाने की सूचना पर गोवंश स्क्वाड ने ग्राम सैंजना में छापेमारी कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। टीम ने एक दुकान से करीब 20 किलोग्राम मांस बरामद किया। पकड़े गए एक आरोपित के खिलाफ किच्छा कोतवाली में पूर्व में भी प्राथमिकी दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
मंगलवार शाम गोवंश स्क्वाड प्रभारी एसआई पंकज बेलवाल को ग्राम सैंजना में गोकशी की सूचना मिली। इस पर उन्होंने कांस्टेबल संजीव कुमार, राजेश गिरी और एहसान अली के साथ एक दुकान पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद नवी अहमद भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान दुकान से करीब 20 किलो मांस बरामद हुआ।
पूछताछ में नवी अहमद ने पुलिस को बताया कि उसने अपने कथित साथी अली हसन के साथ मिलकर दुकान में ही गोकशी की थी। उसके अनुसार मांस का कुछ हिस्सा बेच दिया गया, जबकि शेष मांस अली हसन दावत के लिए अपने घर ले गया था। उसकी निशानदेही पर टीम ने अली हसन के घर दबिश देकर उसे भी कथित गोमांस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
सूचना पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मृगेश चौधरी मौके पर पहुंचे और बरामद मांस का नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। पुलिस ने मांस के साथ गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी कब्जे में लेकर सील कर दिए हैं। प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।