उत्तराखंड में दिवाली के पहले सोने की दुकानों में भाभी बनकर गहने चुराने वाली दो महिलाएं एक्टिव हो गई हैं। ये पहले दुकान में जाती हैं और फिर कर्मचारियों से उनके घरवालों का हालचाल पूछती हैं। इसी दौरान अलग-अलग डिजाइन के गहनों के सेट दिखाने को कहकर उन्हें उलझाती हैं और चुपके से गहने अपने पर्स में डाल लेती हैं। मामले का खुलासा तब हुआ, जब ज्वेलर्स ने CCTV फुटेज देखी। घटना ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर की है, जहां अब तक दो दुकानों में ये महिलाएं चोरी कर चुकी हैं। घटना का CCTV भी सामने आया है, जिसमें दिखता है कि दोपहर 2 बजे ये कौशल्या गार्डन स्थित दयाल ज्वेलर्स में आती हैं और वहां तीन कर्मचारियों को गहने दिखाने के बहाने उलझाकर चोरी कर लेती हैं। घटना के बाद ज्वेलर्स ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक इन महिलाओं का कुछ पता नहीं चल पाया है। पहले करती हैं दुकान की रेकी- ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर-काली नगर मार्ग पर स्थित दयाल ज्वेलर्स (कौशल्या गार्डन) में दोपहर करीब 2 बजे ग्राहक बनकर आईं संदिग्ध महिलाएं चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गईं।
महिलाएं दुकान में घुसीं और कर्मचारियों से उनके घर-परिवार का हालचाल पूछकर खुद को ‘भाभी’ या परिचित की तरह पेश किया। इसके बाद सेल्स गर्ल से अलग-अलग डिजाइन के गहने दिखाने को कहकर उन्हें बातों में उलझा लिया।
2. नजर बचाकर पर्स में रखे गहने- कर्मचारियों को उलझाने के दौरान महिलाओं ने चुपके से करीब साढ़े तीन ग्राम वजन के सोने के कान के टॉप्स अपने पर्स में डाल लिए और बिना कोई खरीदारी किए चुपचाप दुकान से बाहर निकल गईं।
महिलाओं के जाने के बाद जब दुकान के कर्मचारियों ने गहनों के सेट का मिलान किया, तो टॉप्स गायब मिले। इसके बाद दुकान के CCTV कैमरे खंगाले गए, जिसमें महिलाओं की यह करतूत कैद मिली।
3. एक से ज्यादा दुकानों में वारदात- बताया जा रहा है कि दिवाली के बाद से क्षेत्र में यह गिरोह सक्रिय है और ये महिलाएं दिनेशपुर क्षेत्र की कम से कम दो दुकानों में इस तरह की चोरी को अंजाम दे चुकी हैं।
घटना का पता चलते ही दुकानदार ने आपातकालीन नंबर 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही दिनेशपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
4. आसपास के CCTV खंगाल रही पुलिस- पुलिस ने दुकान के कर्मचारियों और सेल्स गर्ल के बयान दर्ज किए हैं। आसपास और दुकान के CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिलाओं के आने-जाने के रास्तों और उनकी पहचान का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता है।
