अचानक मौत से पुलिस महकमे में शोक: एएसआई संजय खाती का निधन, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Share the news

रुद्रपुर | संवाददाता

रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब पुलिस लाइन में तैनात 54 वर्षीय सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) संजय खाती का अचानक निधन हो गया। उनकी असामयिक मृत्यु से न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे पुलिस विभाग में गहरा दुख व्याप्त है।

मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मल्ला गरका निवासी संजय खाती वर्तमान में रुद्रपुर कोतवाली के सरकारी आवास में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्र हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को उनकी नाइट ड्यूटी निर्धारित थी। ड्यूटी से पूर्व सुबह वे सामान्य दिनचर्या के तहत उठे, भोजन किया और आराम करने के लिए सो गए। दोपहर में भी वे उठे, खाना खाया और पुनः सोने चले गए। सब कुछ सामान्य प्रतीत हो रहा था, लेकिन रात करीब 10 बजे जब ड्यूटी का समय नजदीक आया और वे नहीं जागे, तो उनकी पत्नी ने उन्हें जगाने का प्रयास किया।

काफी कोशिशों के बावजूद जब वे नहीं उठे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। आनन-फानन में 108 एंबुलेंस के जरिए उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद खबर के मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं आसपास के लोग भी स्तब्ध रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। रुद्रपुर कोतवाली के एसएसआई अनिल जोशी ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सके।

मंगलवार सुबह एसआई धीरज टम्टा द्वारा पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा।

सहकर्मियों के अनुसार, संजय खाती एक कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार पुलिसकर्मी थे, जिनका व्यवहार मिलनसार था। उनके अचानक निधन से विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। पोस्टमार्टम के उपरांत पुलिस लाइन में उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे पुलिस महकमे और स्थानीय समाज को गमगीन कर दिया है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *