रंजिश में घर पर धावा, तमंचे से फायरिंग में युवक घायल, 10-11 छर्रे लगे, शादी में आए थे घर, ट्रांजिट कैंप में दहशत, हमलावर फरार, पुलिस तलाश में

Share the news

ट्रांजिट कैंप में घर में घुसकर हमला: तमंचे से फायरिंग, मोबाइल दुकानदार छर्रे लगने से घायल

रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर):

ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के आजाद नगर में रंजिश के चलते घर में घुसकर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। हमलावरों ने धारदार हथियार, लाठी-डंडों और तमंचे से लैस होकर परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गोली के छर्रे लगने से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, वार्ड सात आजाद नगर निवासी राजेश कुमार, जो दिल्ली में मोबाइल की दुकान संचालित करता है, दो दिन पहले अपने मामा की पुत्री की शादी में शामिल होने घर आया हुआ था। शुक्रवार को वह अपने छोटे भाई प्रशांत और अन्य परिजनों के साथ घर पर मौजूद था, जबकि बड़ा भाई अजय कुमार बाहर गया हुआ था।

इसी दौरान आठ से नौ हमलावर जबरन घर में घुस आए और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे से फायरिंग भी की, जिससे करीब 10-11 छर्रे लगने से राजेश कुमार घायल हो गया।

शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुटे तो हमलावर फरार हो गए। घायल को परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी मोहन चंद्र पांडे पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

घायल के बड़े भाई अजय कुमार ने बताया कि दो दिन पहले उनके छोटे भाई प्रशांत का कुछ युवकों से विवाद हो गया था, जिसके चलते रंजिशन इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *