बाजपुर (ऊधम सिंह नगर):
जनजाति समाज के एक व्यक्ति की भूमि से जुड़े विवादित मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए तहसील बाजपुर के रजिस्ट्रार कानूनगो राकेश शाह पर कार्रवाई की है। उन्हें तत्काल प्रभाव से उत्तरकाशी संबद्ध कर दिया गया है। इस कार्रवाई से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
सूत्रों के अनुसार, यह मामला विधायक अरविंद पांडे के पुत्र अतुल पांडे से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें भूमि अभिलेखों में हेरफेर के गंभीर आरोप सामने आए हैं। जानकारी के मुताबिक, मंडलायुक्त द्वारा जारी आदेश को पहले राजस्व अभिलेखों में विधिवत दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में संदिग्ध परिस्थितियों में उक्त आदेश को रिकॉर्ड से हटा दिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासनिक महकमे में चर्चाओं का दौर जारी है। हालांकि, इस संवेदनशील मामले पर कोई भी अधिकारी खुलकर बयान देने से बच रहा है। आधिकारिक स्तर पर चुप्पी बनी हुई है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा अब तूल पकड़ता जा रहा है और जनजाति समाज के लोगों में रोष भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस प्रकरण में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।




