रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर):
ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में गुरुवार रात वाहन चेकिंग के दौरान एक भाजपा पार्षद द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया है। नशे की हालत में बुलेट सवार पार्षद ने पुलिस टीम से बहस करते हुए मौके पर काफी देर तक बवाल खड़ा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस तीनपानी डाम के पास नियमित गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बुलेट सवार युवक संदिग्ध हालत में आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की तो उसकी पहचान वार्ड नंबर आठ के भाजपा पार्षद शिव कुमार गंगवार के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि पुलिस द्वारा रोके जाने पर पार्षद भड़क गए और टीम से उलझने लगे। काफी समझाने के बावजूद वह शांत नहीं हुए और मौके पर हंगामा करने लगे। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस कर्मियों ने उन्हें हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
इसके बाद पुलिस ने उनका जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उनके नशे में होने की पुष्टि हुई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उनकी बुलेट मोटरसाइकिल को सीज कर दिया और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पार्षद को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।




