गदरपुर, 23 अप्रैल। उधम सिंह नगर के गदरपुर थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पत्नी से मामूली विवाद के बाद युवक ने फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, पिपलिया नंबर एक निवासी 29 वर्षीय किशन विश्वास, जो फॉल्स सीलिंग का काम करते थे, बुधवार रात किसी बात को लेकर अपनी पत्नी से विवाद के बाद नाराज होकर घर की छत पर बने कमरे में चले गए। काफी देर तक नीचे न आने पर जब उनकी मां छत पर पहुंची, तो कमरे के अंदर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। किशन फंदे से लटका हुआ मिला।
परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक किशन चार भाई-बहनों में शामिल था। उसकी शादी आठ वर्ष पूर्व रीना से हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे हैं। इस घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




