गूलरभोज में अतिक्रमण पर सख्ती: मस्जिद-मजार हटाने को अंतिम नोटिस, 18 अप्रैल तक अल्टीमेटम, साक्ष्य न देने पर चलेगा बुलडोजर, प्रशासन सतर्क

Share the news

गूलरभोज। कोपा ठंडा नाला क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। हरिपुरा जलाशय की डाउन स्ट्रीम में बनी एक मस्जिद और दो मजारों को हटाने के लिए दोबारा नोटिस जारी कर अंतिम चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने संबंधित पक्षों को 18 अप्रैल तक अतिक्रमण हटाने की मियाद तय की है।

गुरुवार को एसडीएम ऋचा सिंह के नेतृत्व में तहसील प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूर्व में चिन्हित अतिक्रमण स्थलों पर दोबारा नोटिस चस्पा किए। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि संबंधित पक्षों के पास कोई वैध साक्ष्य, दस्तावेज या न्यायालय का आदेश हो तो वह शुक्रवार तक प्रस्तुत करें, अन्यथा नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता पंकज ढौंढियाल ने बताया कि यह कार्रवाई 8 दिसंबर 2025 को जारी नोटिस के क्रम में की जा रही है। उस समय कुल 60 अतिक्रमण चिन्हित कर 15 दिन के भीतर हटाने के निर्देश दिए गए थे। इनमें चार धार्मिक स्थल भी शामिल थे।

इससे पहले 29 नवंबर 2025 को प्रशासन ने प्रथम चरण में बुलडोजर कार्रवाई करते हुए 24 कच्चे निर्माणों को ध्वस्त कर करीब 1.13 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया था। इसके बाद अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा के निर्देश पर दूसरे चरण में 60 अतिक्रमणों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसमें कुल 2.45 हेक्टेयर सरकारी भूमि को खाली कराना प्रस्तावित है।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल बनी हुई है, वहीं अधिकारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क नजर आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *