रुद्रपुर। शहर में ऑनलाइन फूड ऑर्डर को लेकर गुरुवार को विवाद खड़ा हो गया, जब एक युवक द्वारा मंगाई गई चिकन बिरयानी के स्रोत को लेकर हंगामा हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मौके पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, भदईपुरा निवासी युवक रवि चंद्रा ने Zomato के माध्यम से “सौरभ चिकन बिरयानी” नाम से ऑर्डर किया। ऑर्डर की लोकेशन त्रिशूल चौक दिखाई देने पर युवक को संदेह हुआ। उसने अपने साथियों को सूचना दी और सभी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि युवक और उसके साथियों ने डिलीवरी कर्मी का इंतजार किया और आरोप है कि ऑर्डर एक अन्य नाम से संचालित दुकान से लिया जा रहा था। इस पर युवक ने बिरयानी लेने से इनकार कर दिया और साथियों के साथ संबंधित रेस्टोरेंट पहुंच गया। वहां कहासुनी बढ़ गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुछ स्थानीय संगठन के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिससे माहौल और गरमा गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और संबंधित दुकानदार को कोतवाली ले जाकर मामला शांत कराया।
प्रभारी निरीक्षक मनोज रतुड़ी ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की गई है। युवक की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर संबंधित रेस्टोरेंट संचालक और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जुड़े पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।




