गैंगवार से पहले एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 3 तमंचों और 11 कारतूस के साथ कुख्यात शूटर गिरफ्तार, हत्या की वारदात की फिराक में घूम रहा था आरोपी, पुलिस की सतर्कता से टली बड़ी घटना

Share the news

एसटीएफ की कार्रवाई से टली गैंगवार की बड़ी वारदात, तीन तमंचों के साथ शूटर गिरफ्तार

रुद्रपुर। उत्तराखण्ड एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संभावित गैंगवार की घटना को होने से पहले ही टाल दिया। टीम ने एक कुख्यात शूटर को तीन अवैध तमंचों और 11 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप चौहान उर्फ सनिया (26) पुत्र तेजपाल चौहान निवासी मलिक फार्म, डिबडिबा थाना बिलासपुर, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी दूसरे गैंग के साथ चल रही रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ हत्या की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

एसटीएफ को मिली सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर टीम ने रुद्रपुर पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान उसके कुछ साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन अवैध तमंचे .315 बोर और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि राज्य में सक्रिय गैंगस्टरों और कुख्यात अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गैंग के साथ दूसरे पक्ष के लोगों की हत्या करने की योजना बना रहा था और मौका मिलते ही गोली चलाने की तैयारी में था।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड में गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, मारपीट और धमकी समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में भी वह रामपुर और ऊधमसिंह नगर में दर्ज हत्या के प्रयास के मामलों में फरार चल रहा था।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। एसटीएफ की इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना होने से पहले ही टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *