टाइगर का आतंक, मवेशी चराने गए 69 वर्षीय बुजुर्ग पर हमला, मौके पर मौत, ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग अलर्ट

Share the news

 

खटीमा से बड़ी खबर सामने आई है, जहां उधम सिंह नगर जिले के खटीमा क्षेत्र स्थित सुरई वन रेंज में बाघ के हमले में एक ग्रामीण की दर्दनाक मौत हो गई। बग्गा चौवन इलाके में रविवार को जंगल में मवेशी चराने गए 69 वर्षीय शेर सिंह कन्याल पर टाइगर ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि शेर सिंह रोज़ की तरह रविवार को भी अपने मवेशियों को जंगल लेकर गए थे। शाम के समय मवेशी तो घर लौट आए, लेकिन शेर सिंह वापस नहीं आए। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने जंगल में तलाश शुरू की। अंधेरा होने पर ट्रैक्टर की रोशनी में खोजबीन की गई, जहां कुछ दूरी पर उनकी जैकेट और जमीन पर घसीटने के निशान मिले। निशानों का पीछा करने पर आगे क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि घटना स्थल के पास दो बाघ भी देखे गए।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक चिकित्सालय खटीमा भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

रेंजर सुरई वन रेंज राजेंद्र सिंह मनराल ने बताया कि इलाके में टाइगर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं और गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से फिलहाल जंगल न जाने की अपील की गई है। पिंजरा लगाने को लेकर उच्च अधिकारियों से निर्देश लिए जा रहे हैं, वहीं मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वहीं, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी ने मानव-वन्यजीव संघर्ष को गंभीर बताते हुए वन क्षेत्र से सटे गांवों में फेंसिंग कराने और पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *