रुद्रपुर में साइबर ठगी के दो मामले सामने आए, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
रुद्रपुर। साइबर ठगों ने रुद्रपुर में दो लोगों को अलग-अलग तरीकों से निशाना बनाकर करीब ढाई लाख रुपये की रकम ठग ली। एक मामले में व्हाट्सएप पर भेजी गई एपीके फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड से 1.38 लाख रुपये निकाल लिए गए, जबकि दूसरे में टेलीग्राम के माध्यम से ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का झांसा देकर 1.09 लाख रुपये ठग लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अलाइंस सिटी वन कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि 21 सितंबर को उसके व्हाट्सएप नंबर पर एक एपीके फाइल आई थी। फाइल पर क्लिक करते ही मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिये 1.38 लाख रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर आए मैसेज देखने के बाद उसे रकम निकाले जाने की जानकारी हुई। पीड़ित ने पुलिस से रकम वापस दिलाने की मांग की है।
वहीं हरमंदिर गली, मुख्य बाजार निवासी व्यक्ति ने बताया कि उसके टेलीग्राम पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। उसके झांसे में आकर पीड़ित ने आठ अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 1.09 लाख रुपये बताए गए खाते में भेज दिए। बाद में आरोपी का नंबर बंद हो गया तो उसे ठगी का पता चला।
कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साइबर ठगी में इस्तेमाल खातों और नंबरों की जांच की जा रही है।
