लोन की वसूली के 91 हजार रुपये कंपनी में जमा नहीं किए, भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड के ब्रांच मैनेजर ने दी तहरीर, जांच शुरू

रुद्रपुर। भारत फाइनेंशियल इन्क्लूजन लिमिटेड के रुद्रपुर शाखा में तैनात लोन ऑफिसर पर ग्राहकों से वसूली गई रकम कंपनी में जमा नहीं करने का आरोप लगा है। ब्रांच मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

ब्रांच मैनेजर अर्जुन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कंपनी छोटे व्यापारियों को व्यवसाय बढ़ाने के लिए ऋण उपलब्ध कराती है। ऋण की साप्ताहिक किस्त ग्राहकों के खातों से ऑटो डेबिट के माध्यम से जमा होती है। इसके अलावा ग्राहकों के व्यवसाय का सत्यापन, खाता खोलने, ऋण वितरण और बकाया किस्तों की वसूली के लिए लोन ऑफिसर नियुक्त किए जाते हैं।

 

तहरीर के मुताबिक रुद्रपुर शाखा में लोन ऑफिसर के पद पर विशेष कुमार पुत्र बाबूराम, निवासी नयागांव पटवाई, जिला रामपुर, तैनात था। आरोप है कि उसने ग्राहकों से ऋण की किस्त और प्री-पेमेंट के रूप में ऑनलाइन प्राप्त 91,003 रुपये कंपनी के खाते में जमा नहीं किए और रकम अपने पास रख ली।

 

ब्रांच मैनेजर के अनुसार 11 अप्रैल 2025 को विशेष कुमार कार्यालय से चला गया। इसके बाद कंपनी स्तर पर रकम का मिलान और जानकारी जुटाई गई, जिसमें कथित तौर पर रकम जमा नहीं होने की बात सामने आई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।