राहुल गांधी पर टिप्पणी के विरोध में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, नितिन नवीन के खिलाफ की नारेबाजी, काली पट्टी बांधकर सड़क पर उतरे कार्यकर्ता, पुलिस ने हिरासत में लेकर किया नजरबंद

रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रुद्रपुर दौरे से पहले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर सड़क पर उतरकर भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की और राहुल गांधी के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर नजरबंद कर दिया।

भाजपा की ओर से रुद्रपुर स्थित आर्क होटल में पंजाबी गौरव सम्मान सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई मंत्री और पार्टी पदाधिकारी शामिल होने हैं। कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि राहुल गांधी को लेकर भाजपा की ओर से कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। इसी के विरोध में उन्होंने नितिन नवीन के रुद्रपुर पहुंचने से पहले प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी राष्ट्रीय नेता के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज करा रहे हैं।

नितिन नवीन के कार्यक्रम को लेकर ऊधम सिंह नगर के साथ ही उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले की पुलिस फोर्स भी सुरक्षा में लगाई गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रवेश और निकासी व्यवस्था के साथ ही वाहनों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी जा रही है।