श्रमिकों ने भरी हुंकार, 30 हजार न्यूनतम वेतन समेत 11 मांगों को लेकर सड़कों पर उतरा भारतीय मजदूर संघ, पीएम के नाम भेजा ज्ञापन

Share the news

रुद्रपुर। श्रमिकों की लंबित मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने सोमवार को राष्ट्रव्यापी आंदोलन के तहत जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया। उधम सिंह नगर में संघ की जिला इकाई की ओर से जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर श्रमिक हितों से जुड़ी 11 मांगें उठाई गईं। संघ ने मांगों पर तत्काल विचार कर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की।

 

ज्ञापन में अखिल भारतीय स्तर पर न्यूनतम वेतन 30 हजार रुपये प्रतिमाह निर्धारित करने, कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने और न्यूनतम ईपीएस पेंशन 7,500 रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई। पेंशन के साथ महंगाई भत्ता और संपूर्ण चिकित्सा सुविधा देने की भी मांग है।

 

इसके अलावा ईपीएफ की वेतन सीमा 15 हजार से बढ़ाकर 30 हजार, बोनस गणना सीमा सात हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये और बोनस पात्रता की वेतन सीमा 21 हजार से बढ़ाकर 42 हजार रुपये करने की मांग उठाई गई। संघ ने आंगनबाड़ी समेत विभिन्न योजनाओं के मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने तथा श्रम संहिताओं में मौजूद श्रमिक विरोधी प्रावधान हटाने की मांग भी रखी।

 

ज्ञापन में ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 40 लाख रुपये करने और बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *