फेम इंडिया रैंकिंग में डीएम नितिन भदौरिया देश के टॉप-5 में, ‘जिम्मेदार’ श्रेणी में प्रथम स्थान

Share the news

रुद्रपुर, 06 जून। जनपद ऊधमसिंह नगर के लिए गर्व की बात है कि जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिका फेम इंडिया की ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी-2026’ रैंकिंग में देशभर के शीर्ष पांच जिलाधिकारियों में स्थान मिला है। वहीं उन्हें ‘जिम्मेदार’ श्रेणी में प्रथम स्थान से सम्मानित किया गया है।

फेम इंडिया द्वारा जारी विशेषांक में देशभर के लगभग 800 जिलों और हजारों प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन कर 50 सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारियों का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया में प्रशासनिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, जवाबदेही, नवाचार, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क, जनहित के प्रति संवेदनशीलता तथा सुशासन जैसे मानकों को आधार बनाया गया।

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को यह उपलब्धि उनकी जनकेंद्रित कार्यशैली, पारदर्शी प्रशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए किए गए प्रयासों के कारण मिली है। उनके नेतृत्व में जनपद में विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हुआ है। शिकायत निस्तारण, नवाचार आधारित कार्यप्रणाली और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी व्यापक सराहना मिली है।

उल्लेखनीय है कि पीएम जनमन योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए जनपद को राष्ट्रपति द्वारा ‘बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट’ सम्मान मिल चुका है। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए दो सिल्वर मेडल भी प्राप्त हुए हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और आधारभूत विकास के क्षेत्र में मिली उपलब्धियों ने जनपद को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

जिलाधिकारी को मिला यह सम्मान न केवल उनकी प्रशासनिक दक्षता की पहचान है, बल्कि पूरे जनपद और प्रशासनिक टीम के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *