गदरपुर (उधम सिंह नगर):
थाना गदरपुर क्षेत्र में एक महिला ने युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार, ग्राम नन्दपुर निवासी महिला ने बताया कि पिछले करीब चार वर्षों से उसका परिचय गूलरभोज निवासी बलजीत सिंह से था। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और उसके तीन बच्चों को भी अपनाने की बात कही। इसी भरोसे में आकर महिला आरोपी के साथ संबंध में रही।
महिला का कहना है कि आरोपी अक्सर उसे अपने झांसे में लेकर होटल व अन्य स्थानों पर ले जाता था। कुछ समय पूर्व उसे जानकारी मिली कि आरोपी पहले से विवाहित है और उसकी एक पुत्री भी है। जब महिला ने इस संबंध में सवाल किया तो आरोपी ने कथित रूप से उसे धमकाना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी के परिजनों को पूरे मामले की जानकारी थी और वे भी अप्रत्यक्ष रूप से उसका सहयोग करते रहे। इतना ही नहीं, आरोपी के भाई द्वारा भी उसे धमकाने की बात कही गई है। महिला ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




