रुद्रपुर में एक युवती ने न्याय न मिलने से आहत होकर आत्महत्या का प्रयास किया। गांधी कॉलोनी निवासी युवती शनिवार दोपहर काशीपुर फ्लाईओवर पर हाथ में तख्ती लेकर पहुंच गई और आत्महत्या की चेतावनी देने लगी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे समझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन काफी देर तक युवती अपनी जिद पर अड़ी रही।
पीड़िता का आरोप है कि मोहल्ले का ही एक युवक, जो बैंक में कार्यरत है, पिछले सात वर्षों से उसके साथ प्रेम संबंध में था। इस दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। युवती का यह भी कहना है कि आरोपी ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए।
युवती के अनुसार, सात अप्रैल की रात आरोपी उसके घर आया और शादी का भरोसा देकर जबरन संबंध बनाए, जिससे वह गर्भवती हो गई। जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी टालमटोल करने लगा और जान से मारने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन आरोप है कि कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे आहत होकर उसने यह कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस युवती को समझाने-बुझाने में जुटी हुई है और मामले की जांच की बात कही जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप का माहौल है।




