भाजपा के ‘युवा संवाद’ में संवैधानिक सवाल पर बवाल: कांग्रेस कार्यकर्ता को पीटने और दांत तोड़ने का आरोप, वीडियो वायरल से उत्तराखंड में बढ़ा सियासी पारा!

Share the news

भाजपा के ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में भारी हंगामा, कांग्रेस कार्यकर्ता से मारपीट का आरोप; वीडियो वायरल

​रुद्रपुर/गदरपुर: आवास विकास स्थित शहनाई वाटिका में बुधवार को आयोजित भारतीय जनता पार्टी के ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब सवाल पूछने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हो गई। मामला धक्का-मुक्की से बढ़कर हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

​संविधान की प्रति लेकर पहुंचे थे वंश शर्मा

भाजपा युवा मोर्चा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक अरविंद पांडे, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल और रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा मौजूद थे। इसी दौरान गदरपुर निवासी कांग्रेस कार्यकर्ता वंश शर्मा अपने कुछ साथियों के साथ हाथ में संविधान की प्रति लेकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। वंश का कहना था कि जब भाजपा युवा संवाद कर रही है, तो उन्हें भी सवाल पूछने का पूरा अधिकार है।

​इसी बात को लेकर वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से उनकी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद के दौरान किसी ने उनके हाथ से संविधान की प्रति छीन ली, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

​विधायक की पहल के बाद फिर हंगामा

स्थिति बिगड़ती देख विधायक अरविंद पांडे ने मंच से वंश शर्मा को पास बुलाकर शालीनता से सवाल रखने को कहा। इसके बाद वंश मंच के पास जाकर बैठ गए, लेकिन कुछ ही देर बाद दोबारा हंगामा शुरू हो गया। पुलिस ने तुरंत स्थिति संभाली और वंश को अपनी गाड़ी से कोतवाली ले गई, जहां से उन्हें मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।

​कांग्रेस का आरोप- मारकर दांत तोड़ा

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली और अस्पताल पहुंचे। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने वंश शर्मा की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उनका एक दांत टूट गया और शरीर पर चोटें आई हैं। कांग्रेस ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

​भाजपा ने किया आरोपों का खंडन

दूसरी ओर, भाजपा ने मारपीट के आरोपों को खारिज किया है। जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने इसे कार्यक्रम में व्यवधान डालने की कोशिश बताया। विधायक अरविंद पांडे ने कहा कि उनके सामने कोई मारपीट नहीं हुई और राजनीति के लिए बच्चों में दुश्मनी पैदा नहीं करनी चाहिए। उनके पुत्र अतुल पांडे ने भी कहा कि सभी लोग भाई जैसे हैं और मामले को बेवजह तूल न दिया जाए।

​राहुल गांधी के काफिले से आए थे चर्चा में

गौरतलब है कि वंश शर्मा हाल ही में देहरादून में राहुल गांधी के दौरे के दौरान काफिले के साथ दौड़ने और नारे लगाने के बाद चर्चा में आए थे, जिसके बाद राहुल गांधी ने अपनी गाड़ी रुकवाई थी। अब इस ताजा घटनाक्रम से दोनों दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *