*उधमसिंहनगर” अस्पताल का पर्चा बनाने के नाम पर महिला से ठगी, मुकदमा दर्ज…*

एक महिला से निजी अस्पताल का ऑनलाइन पर्चा बनाने के नाम पर 89 हजार रुपये ठग लिए गए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गदरपुर वार्ड नंबर-4 शिव मंदिर निवासी रुचि पत्नी नरेश कुमार ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में तहरीर दी है। तहरीर में बताया की उनका एक अकाउंट यूको बैंक में है। उन्होंने एक निजी अस्पताल में अपॉइंटमेंट लेने के लिए उसका नंबर गूगल पर सर्च किया था। थोड़ी देर बाद एक अज्ञात नंबर से उनके पास कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह हॉस्पिटल से बोल रहा है। आपके नंबर पर एक लिंक आएगा, जिसमें जरूरी जानकारी भरने पर अस्पताल का पर्चा आपके नंबर पर सेंड कर दिया जाएगा। रुचि ने उस पर विश्वास करते हुए लिंक पर क्लिक कर जरूरी डिटेल भर दी। इसके बाद उनके पास कई मैसेज आने लगे। कुछ समय उनके खाते से दो ट्रांजेक्शन के माध्यम से लगभग 89 हजार रुपये कट गए। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने साइबर क्राइम रुद्रपुर पुलिस स्टेशन को शिकायत सौंपी। इसके बाद थाना गदरपुर में अज्ञात के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। थाना अध्यक्ष भुवन चंद्र जोशी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।