धार्मिक स्थल के बाहर मांस फेंकने से भड़का आक्रोश
निलंबित सिपाही पर माहौल बिगाड़ने का आरोप, कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे लोग
संवाददाता, रुद्रपुर।
कोतवाली क्षेत्र के भूतबंगला इलाके में शुक्रवार शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक निलंबित सिपाही पर धार्मिक स्थल के बाहर मांस का टुकड़ा फेंकने का आरोप लगा। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। मामले को लेकर हिंदूवादी संगठन और समुदाय के लोग कोतवाली पहुंचे तथा आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी।
जानकारी के अनुसार भूतबंगला बस्ती स्थित एक धार्मिक स्थल के बाहर मांस फेंके जाने की घटना सामने आई। आरोप है कि अजीम नामक एक निलंबित सिपाही, जिसकी तैनाती बागेश्वर में बताई जा रही है, नशे की हालत में वहां पहुंचा और मांस का लोथड़ा धार्मिक स्थल के सामने रखकर अभद्र व्यवहार करते हुए चला गया। घटना के बाद क्षेत्र में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज के जिलाध्यक्ष विजेंद्र गोटशे समुदाय के लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे और कोतवाल प्रकाश डानू को तहरीर सौंपी। उन्होंने कहा कि संबंधित धार्मिक स्थल समाज की आस्था और पूजा का प्रमुख केंद्र है। आरोप लगाया कि आरोपी पूर्व में भी कई बार अराजकता फैलाने की घटनाओं में शामिल रहा है, जिससे इलाके के लोग भय और आक्रोश में हैं।
घटना की सूचना पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंचे। हालांकि लोगों ने संयम बरतते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
कोतवाल ने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।



