रुद्रपुर। सुप्रीम कोर्ट के ध्वनि प्रदूषण संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में ऊधमसिंह नगर पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर निर्धारित डेसिबल सीमा और समयावधि का उल्लंघन करने वाले लाउडस्पीकर हटवाए। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में सभी थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान विभिन्न मस्जिदों से कुल 17 लाउडस्पीकर हटाए गए, जबकि 81 पुलिस एक्ट के तहत छह चालान भी किए गए।
पुलिस के अनुसार बिना अनुमति संचालित होने वाले, तय ध्वनि सीमा से अधिक आवाज करने वाले तथा रात्रि 10 बजे से सुबह छह बजे तक प्रतिबंधित समय में संचालित लाउडस्पीकरों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों और अन्य साइलेंस जोन के आसपास भी विशेष निगरानी रखी गई।
कार्रवाई के तहत जसपुर में दो, काशीपुर में एक, आईटीआई क्षेत्र में दो, केलाखेड़ा में दो, किच्छा में दो, नानकमत्ता में एक तथा खटीमा में चार मस्जिदों से कुल सात लाउडस्पीकर हटाए गए। किच्छा में दो और खटीमा में चार चालान भी किए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सार्वजनिक शांति, कानून व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सर्वोच्च न्यायालय और शासन की ओर से निर्धारित ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों का पालन सभी के लिए अनिवार्य है। भविष्य में भी निर्धारित डेसिबल सीमा और समयावधि का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर ऊधमसिंहनगर पुलिस का एक्शन, डेसिबल सीमा तोड़ने वाले 17 लाउडस्पीकर हटे; नियमों की अनदेखी पर 6 चालान, एसएसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी




