रुद्रपुर।
रुद्रपुर नगर निगम सभागार में मंगलवार को आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन एवं जनपद प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने 5.52 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि जनसेवा शिविरों के माध्यम से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है, जिससे उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर रुद्रपुर नगर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इनमें आवास विकास में विभाजन विभीषिका स्मृति पार्क, बाटा चौक पर घंटाघर, लंबाखेड़ा में गौसदन, ट्रांजिट कैंप में नगर निकाय साझा केंद्र, प्री-कास्ट रूफ टॉप वर्षा जल संचयन परियोजना तथा वेंडिंग जोन फेस-2 के निर्माण और साइट डेवलपमेंट कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं पर कुल 5.52 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
शिविर में विभिन्न विभागों के 30 जनसेवा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर लाभ भी उपलब्ध कराया गया। शिविर में 258 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 257 का मौके पर ही निस्तारण कर लाभार्थियों को सेवाएं प्रदान की गईं। समाज कल्याण विभाग ने पेंशन संबंधी मामलों का निस्तारण किया, जबकि महिला एवं बाल विकास विभाग ने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित कर गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कराई। नगर निगम ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, आधार अपडेट और पौध वितरण सहित कई सेवाएं उपलब्ध कराईं।
कार्यक्रम के समापन पर प्रभारी मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए।




