काली फिल्म वाली कारों पर ऊधमसिंहनगर पुलिस का बड़ा शिकंजा, SSP अजय गणपति के आदेश पर सड़कों पर चला अभियान; मौके पर उतरी फिल्म, धड़ाधड़ कटे चालान।

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने वाहनों पर नियम विरुद्ध लगी काली फिल्म के खिलाफ सख्त अभियान तेज कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर कारों के शीशों पर लगी काली फिल्म मौके पर ही हटवाई और संबंधित वाहन चालकों के चालान किए।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह अभियान सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने नियम विरुद्ध काली फिल्म लगी कारों को रोककर वाहन चालकों को मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी। इसके साथ ही बिना दस्तावेज वाहन चलाने, तेज गति और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए बताया कि वाहनों में गहरी काली फिल्म लगाना कानूनन अपराध है। इससे वाहन के अंदर की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई नहीं देतीं, जिससे सुरक्षा संबंधी खतरे बढ़ जाते हैं और आपराधिक घटनाओं में भी इसका दुरुपयोग हो सकता है। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने की अपील की।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।