चौकी में काउंसिलिंग के दौरान भिड़े दो पक्ष, पुलिस ने किया गिरफ्तार, समझौते की कोशिश के बीच बढ़ा विवाद, शांति भंग की आशंका पर कार्रवाई

Share the news

संवाददाता, रुद्रपुर।

ट्रांजिट कैम्प थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद को लेकर चौकी में चल रही काउंसिलिंग उस समय हंगामे में बदल गई जब दोनों पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। पुलिस ने स्थिति बिगड़ती देख तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार जगतपुरा निवासी शौकत अली ने आवास विकास चौकी पहुंचकर पारिवारिक विवाद और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद उप निरीक्षक प्रकाश चंद्र आर्या ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर समझौता कराने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि काउंसिलिंग के दौरान दोनों पक्षों में शामिल सलमान मलिक और आसिफ शेर अली अचानक उत्तेजित हो गए और चौकी परिसर में ही आपस में विवाद करने लगे। पुलिस कर्मियों ने दोनों को काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों का व्यवहार लगातार आक्रामक बना रहा।

पुलिस के अनुसार दोनों व्यक्तियों के कारण चौकी परिसर में शांति व्यवस्था भंग होने और किसी अप्रिय घटना की आशंका पैदा हो गई थी। स्थिति को गंभीर देखते हुए ट्रांजिट कैम्प पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सलमान मलिक पुत्र शौकत अली तथा आसिफ शेर अली पुत्र शौकत अली निवासी जगतपुरा को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 125, 126, 135(3) और 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि आपसी विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले कार्यों से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *