धर्मांतरण प्रकरण में महिला जवान का पति गिरफ्तार, आईटीबीपी में तैनात महिला ने लगाया था जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप

Share the news

संवाददाता, खटीमा।

खटीमा में सामने आए चर्चित धर्मांतरण प्रकरण में पुलिस ने महिला जवान के पति को गिरफ्तार कर लिया है। आईटीबीपी में तैनात महिला जवान की शिकायत के बाद दर्ज मुकदमे में लगातार कार्रवाई करते हुए पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

जानकारी के अनुसार 23 मई को ग्राम दियां निवासी महिला जवान निवलेश राणा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसका पति संदीप सिंह राणा समेत अन्य लोग उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बना रहे हैं। महिला का आरोप था कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा जान से मारने और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस को कथित धर्मांतरण नेटवर्क से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आए। बुधवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मोहम्मदपुर भुड़ियाखटीमा निवासी दान सिंह राणा, भूड़ महोलिया निवासी सुनील जार्ज पास्टर उर्फ सुनील जार्ज मसील, कुटरी चकरपुर निवासी जय सिंह और उसकी पत्नी द्रोपदी राणा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इधर जांच में महिला जवान के पति संदीप सिंह राणा की भूमिका भी संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने शुक्रवार को उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच चल रही है।

धर्मांतरण से जुड़े इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *