हथियार तस्करी के एक मामले में पंजाब पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन युवक उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज के रहने वाले बताए गए हैं, जबकि एक आरोपी गुरदासपुर का निवासी है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सितारगंज निवासी लवप्रीत सिंह (26), लवप्रीत सिंह (25) और जसनदीप सिंह (25) तथा गुरदासपुर निवासी हरजिंदर सिंह (23) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ऑस्ट्रिया निर्मित ग्लॉक पिस्टल, चीन निर्मित .30 बोर की चार पिस्टल और स्थानीय स्तर पर निर्मित .30 बोर की दो पिस्टल समेत कुल सात पिस्टल और आठ मैगजीन बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों का कथित तौर पर दुबई और अमेरिका में रह रहे दो व्यक्तियों से संपर्क था। इन लोगों पर कथित तौर पर अवैध हथियारों की खेप उपलब्ध कराने के लिए आरोपियों को निर्देश देने का संदेह है।
आईजी गुरप्रीत सिंह भुल्लर के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि संदिग्धों ने हथियारों की एक खेप हासिल की है और उसे किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाना चाहते हैं। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हथियारों की तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में गुरदासपुर के कलानौर थाने में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
