रुद्रपुर। शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने और बाद में दूसरी युवती से सगाई करने के आरोप में दिनेशपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गौरा शक्ति ऐप के माध्यम से महिला की शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित थाने लेकर आई। पीड़िता पर समझौते का दबाव बनाने के आरोप में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को दिनेशपुर क्षेत्र की एक महिला ने गौरा शक्ति ऐप पर शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने आरोप लगाया कि ग्राम कुल्हा निवासी राजेश भारद्वाज (30) ने शादी का झांसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। अब उसने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली है। महिला ने ग्राम कुल्हा निवासी जसवीर सिंह पर भी समझौता करने का दबाव बनाने और समझौते के दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर कराने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए महिला उपनिरीक्षक नेहा राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता को सुरक्षित निकाला। पुलिस के मुताबिक, मौके पर विवाद की स्थिति भी सामने आई। इसके बाद पीड़िता और संबंधित व्यक्तियों को थाने लाया गया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना दिनेशपुर में मुकदमा संख्या 163/2026 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 351(3) और 352 के तहत राजेश भारद्वाज व अन्य के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने पूछताछ के बाद मुख्य आरोपी राजेश को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी की संबंधित सैन्य यूनिट को भी नियमानुसार सूचना दी जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने महिलाओं से अपील की है कि शोषण, उत्पीड़न, धमकी या जबरन समझौते का दबाव बनाए जाने पर चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिलाएं गौरा शक्ति ऐप के जरिए भी शिकायत कर सकती हैं।
