किच्छा-सिरौलीकलां मतगणना पर पुलिस का पहरा, 3 कंपनी पीएसी समेत 429 जवान तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी

त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में होगी मतगणना, पुलिस लाइन में एसएसपी ने अधिकारियों और जवानों को दिए सख्त निर्देश

 

रुद्रपुर। किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न कराने के लिए ऊधमसिंह नगर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी है। मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। पुलिस और पीएसी के भारी बल के साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।

 

मतगणना की तैयारियों को लेकर पुलिस लाइन में एसएसपी अजय गणपति की मौजूदगी में संयुक्त ब्रीफिंग हुई। इसमें एडीएम, एसपी सिटी, एसडीएम, रिटर्निंग ऑफिसर और सभी पुलिस उपाधीक्षक मौजूद रहे। अधिकारियों ने ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मियों को मतगणना केंद्रों की सुरक्षा, प्रवेश-निकास, मतगणना एजेंटों की आवाजाही और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

सुरक्षा व्यवस्था में दो एएसपी, चार सीओ, 18 निरीक्षक, 72 उपनिरीक्षक, 11 महिला उपनिरीक्षक, 230 हेड कांस्टेबल-कांस्टेबल, 74 महिला कांस्टेबल और 22 यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा तीन कंपनी पीएसी भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी।

 

मतगणना केंद्रों और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार गश्त और चेकिंग की जाएगी। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए हैं, ताकि मतगणना के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

 

वहीं सोशल मीडिया पर साइबर टीम की नजर रहेगी। पुलिस ने अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों को लेकर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि मतगणना में बाधा डालने, शांति व्यवस्था बिगाड़ने या अफवाह फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।