रुद्रपुर। मुख्यमंत्री के अपराधमुक्त और भयमुक्त उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पिस्टल के बल पर एक परिवार को धमकाने और रिहायशी क्षेत्र में दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 10 जून को आदर्श कॉलोनी क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा एक घर पर पहुंचकर हंगामा करने और परिवार को पिस्टल दिखाकर धमकाने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक लोडेड .30 बोर पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए थे। बताया गया कि स्थानीय लोगों के विरोध के बाद आरोपी मौके से भाग निकले थे और भागते समय एक आरोपी पिस्टल फेंक गया था।
जांच में सामने आया कि आदर्श कॉलोनी निवासी तरुण दियू उर्फ सन्नी के भाई कपिल ने लगभग एक माह पूर्व आत्महत्या कर ली थी। परिजन इसके लिए घर के सामने एसी की दुकान चलाने वाले रमन कक्कड़ को जिम्मेदार मान रहे थे। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था।
पुलिस जांच के मुताबिक घटना वाले दिन रमन कक्कड़, उसका भाई रवि कक्कड़ और अन्य साथी सन्नी के घर पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ आए एक व्यक्ति ने पिस्टल दिखाकर परिवार को धमकाया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद आरोपी फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस ने लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की तलाश जारी रखी। जांच के दौरान यह भी आशंका जताई गई कि आरोपी पीड़ित पक्ष को दोबारा नुकसान पहुंचाने की योजना बना सकते हैं।
सोमवार को मुखबिर की सूचना पर बाजार चौकी, आदर्श कॉलोनी चौकी और रम्पूरा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने रामपुर के खानपुर गांव मार्ग पर घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रमन कक्कड़ और पिस्टल लेकर आए दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में शामिल अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन कक्कड़ निवासी केसरपुर तथा दीपक कुमार निवासी सकैनिया, गदरपुर के रूप में हुई है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।




