फैक्ट्री का ताला तोड़कर लाखों का माल ले उड़े चोर, जनरेटर, टायर और छह इनवर्टर बैटरियां चोरी, 11 दिन बाद पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू

 

रुद्रपुर। डिवाइन पार्क फेस-दो स्थित एक फैक्ट्री को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। फैक्ट्री स्वामी के पहुंचने पर वारदात का पता चला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मामले में पुलिस ने तहरीर मिलने के 11 दिन बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

मूलरूप से ट्रांजिट कैंप आवास विकास और वर्तमान में ओमेक्स रिवेरा निवासी भव्य गर्ग ने पुलिस को बताया कि डिवाइन पार्क फेस-दो में उनकी उत्तरांचल इंटरप्राइजेज नाम से फैक्ट्री है। 22 अगस्त की रात वह रोजाना की तरह फैक्ट्री बंद कर घर चले गए थे। 24 अगस्त की सुबह जब वह फैक्ट्री पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाने पर सामान अस्त-व्यस्त मिला।

 

जांच करने पर पता चला कि चोर एक जनरेटर, दो टायर, छह इनवर्टर बैटरियां समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। भव्य की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली। अब तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी गई है। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।