शादी तय होते ही युवती को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी, युवक पर केस
रुद्रपुर। युवती को कमरे पर बुलाकर नशीला पदार्थ पिलाने, अश्लील वीडियो बनाने और बाद में उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। युवती की मां की शिकायत पर पुलिस ने घास मंडी निवासी युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
रुद्रपुर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी पुत्री की जान-पहचान घास मंडी निवासी अर्जुन आर्य से थी। आरोप है कि इसी दौरान अर्जुन उसकी पुत्री को अपने कमरे पर ले गया और कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। इसके बाद उसने युवती का अश्लील वीडियो बना लिया।
महिला के मुताबिक बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया। इस बीच उसकी पुत्री का विवाह कहीं और तय हो गया। आरोप है कि इसकी जानकारी होने पर अर्जुन ने युवती का अश्लील वीडियो उसके होने वाले पति को भेज दिया। विरोध करने पर आरोपित ने वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इससे युवती मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान है। मामले में एसएसआई खुशवंत सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
