एक तरफ कांग्रेस, दूसरी तरफ भाजपा… कलेक्ट्रेट में आमने-सामने सियासी ताकतें, पुलिस के छूटे पसीने

शुद्धीकरण विवाद पर भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ हल्लाबोल, राहुल गांधी का पुतला फूंका; दोनों पक्षों के प्रदर्शन से बढ़ी पुलिस की चुनौती

रुद्रपुर। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुए कथित शुद्धीकरण का विवाद शनिवार को रुद्रपुर में सियासी टकराव का रूप लेता नजर आया। एक ओर कांग्रेस कलेक्ट्रेट घेराव कर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले थी तो दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। एक ही दिन कलेक्ट्रेट के आसपास दोनों दलों के आमने-सामने आने से पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस और पीएसी बल तैनात करना पड़ा।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, महापौर विकास शर्मा और विधायक शिव अरोड़ा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता मेट्रोपोलिस सिटी गेट के पास जुटे। कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और राहुल गांधी का पुतला फूंका। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर शुद्धीकरण के मामले को राजनीतिक रंग देकर समाज में भ्रम और विवाद पैदा करने का आरोप लगाया।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए सामाजिक और धार्मिक विषयों को मुद्दा बना रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और भाजपा सामाजिक समरसता के साथ सभी वर्गों के सम्मान की बात करती है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता दबाव में पीछे हटने वाले नहीं हैं।

 

विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि रामलीला मैदान के कथित शुद्धीकरण को दलित समाज के अपमान से जोड़कर कांग्रेस जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने धार्मिक आयोजन को राजनीतिक विवाद में बदलने पर कांग्रेस को घेरा।

 

भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि कांग्रेस के पास राजनीतिक मुद्दों का अभाव है, इसलिए वह सामाजिक और धार्मिक विषयों को विवाद का रूप दे रही है। भाजपा कार्यकर्ता इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे।

 

दोनों दलों के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कलेक्ट्रेट और आसपास के मार्गों पर सुरक्षा घेरा कड़ा रखा। एक तरफ कांग्रेसियों की भीड़ और दूसरी तरफ भाजपाइयों के प्रदर्शन के बीच पुलिस को लगातार मोर्चा संभालना पड़ा।