रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती ने अपने पिता पर कई वर्षों से शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती का कहना है कि विरोध करने पर पिता उसे जान से मारने की धमकी देते थे। परिवार की बदनामी के डर से वह काफी समय तक चुप रही। अब मां के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर उसने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
युवती ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि पिता कई साल से उसके साथ गलत व्यवहार कर रहे थे। वह विरोध करती तो उसे धमकाया जाता था। आरोप है कि 25 जून की देर रात भी पिता उसके कमरे में आए। युवती के मुताबिक, घटना के बाद उसने हिम्मत जुटाकर मां को पूरी बात बताई।
युवती की मां ने पुलिस को बताया कि उन्हें पहले बेटी के साथ हो रही घटनाओं की जानकारी नहीं थी। एक रात उन्होंने स्वयं बेटी और पति को कमरे में देखा, जिसके बाद उन्हें मामले का पता चला। इसके बाद उन्होंने बेटी से पूरी जानकारी ली और पुलिस से शिकायत करने का निर्णय लिया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है और वाहन चालक है। उसके माता-पिता दोनों की यह दूसरी शादी है। पीड़िता का एक भाई भी है और वह फिलहाल पढ़ाई कर रही है।
मां-बेटी ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और परिवार की सुरक्षा की मांग की। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपों की जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
